संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Thu, 02 Nov 2023 12:09 AM IST
बांदा। काम की तलाश में मरका गांव में अपने भाई की ससुराल आए जेसीबी चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसका शव खाई में गिरा मिला। परिजनों ने किसी वाहन की टक्कर लगने से हादसा बताया है। जबकि पुलिस का मानना है कि किसी जंगली जानवर के रास्ते में आने से बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई।
फतेहपुर के बिकौरा गांव निवासी ओमप्रकाश यादव (27) जेसीबी चालक था। वह काम की तलाश में अपने भाई अभिमन की ससुराल मरका थाना क्षेत्र के मरका गांव में आया था। मंगलवार की रात 11 बजे करीब वह बाइक से अपने घर वापस जा रहा था। तभी कमासिन थाना क्षेत्र के दादौं घाट चौकी क्षेत्र के कठारे मोड़ पर किसी वाहन की टक्कर लगने से उसकी खाई में गिरकर मौत हो गई।
जबकि पुलिस का कहना है कि किसी जंगली जानवर के रास्ते में आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई। जिससे उसकी खाई में गिरकर मौत हो गई। रात में राहगीरों की सूचना पर डायल-112 पुलिस ने जांच पड़ताल की। आधार कार्ड से शिनाख्त होने पर उसके परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम हाउस में भाई रामप्रकाश ने बताया कि वह छह भाइयों में चौथे नंबर का था। साल भर पहले सुधा देवी से उसकी शादी हुई थी। बच्चे नहीं हैं। कमासिन थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
