मऊ। बच्चों के विवाद में दो पक्षों के बीच लाठियां चलने से एक पक्ष से 12 व दूसरे पक्ष से नौ घायल हो गए। सभी को सीएचसी मऊ में भी भर्ती कराया गया। दंपती की स्थिति नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मऊ थाना क्षेत्र के कटैया खादर निवासी भोला निषाद और धनराज निषाद के परिवार के बच्चों के बीच विवाद हो गया। जिसको लेकर दोनों परिवार के सदस्य भिड़ गए। लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी भी चली। भोला का आरोप है कि धनराज के परिवार के सदस्यों ने हमला बोल दिया।
इससे सोनू, रज्जू, सुनीता, आसू, धीरज, प्रेमिया, झुरई राकेश के सिर पर चोटें आईं। घायल प्रेमिया को जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं धनराज पक्ष से नत्थू निषाद, लल्ली, रामसूरत, गुल्लू, सुशीला, सेाना, मुनेश, प्रमोद, आकाश, नेहा, संता को गंभीर चोटें आईं हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर शराब के नशे में मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है।
