बांदा। पति ने विवाहिता को जूस में जहर पिलाकर मारने का प्रयास किया। उसने विरोध किया तो पेट में लात मार दी और तीन तलाक दे दिया। विवाहिता की तहरीर पर लेखपाल शौहर समेत तीन के खिलाफ जानलेवा हमला समेत मुस्लिम महिला विवाह अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम के तहत महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अमर टाकीज चौराहा निवासी शगुफ्ता ने महिला थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी पांच साल पहले चित्रकूट निवासी रोशन अली के साथ हुई थी। पति लेखपाल है। वर्तमान में वह जौनपुर में तैनात है। शादी में कार की मांग को लेकर वह उसे प्रताड़ित करते थे। जिस पर उसने न्यायालय में मुकदमा दायर किया था। मुकदमा दर्ज होने पर वह उसे दोबारा ससुराल ले गए और सुलह करने की बात कही। सुलह पर राजी न होने पर पति ने उसे जूस में जहर देकर मारना चाहा। उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर पेट में लात मार दी। पति उसे उसके मायके में छोड़ गया। रास्ते में तीन तलाक दे दी। विवाहिता की तहरीर पर महिला थाने में लेखपाल पति रोशन अली, सास शकीला बानो और ससुर आबिद अली के खिलाफ जानलेवा हमला, दहेज उत्पीड़न व मुस्लिम महिला विवाह अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम के तहत रिर्पेाट दर्ज की गई है। सीओ गवेंद्र पाल गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
