नरैनी। कोतवाली क्षेत्र में खेत की जोताई करते समय अचानक मिट्टी में ट्रैक्टर फंस गया। दूसरे ट्रैक्टर से टोचिंग कर ट्रैक्टर निकलते समय अचानक टोचिंग का तार टूट गया, जो हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इससे चालक झुलस गया। उपचार के दौरान मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव निवासी अनुज सिंह उर्फ मोनू (30) पुत्र सुरेंद्र सिंह उर्फ छोटा रविवार शाम खेत में ट्रैक्टर से जोताई कर रहा था। जोताई के दौरान 11 हजार केवी की लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने मोनू को सीएचसी भर्ती कराया। यहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में देर शाम उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का है। वह एक निजी विद्यालय में बस भी चलाता था। छह महीने पहले ही मध्य प्रदेश के रीवा जिले से उसकी शादी हुई थी। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
