– पुनरीक्षण कार्य में सहभागिता न करने पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन न करने पर उपजिलाधिकारी ने आधा दर्जन बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को भेजे पत्र में एसडीएम श्रीराम यादव ने बताया कि इस समय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण चल रहा है। जिसके क्रम में मतदेय स्थलों पर बीएलओ की नियुक्ति की गई है। लेकिन, सुपरवाइजरों द्वारा अवगत कराया गया है कि कई बीएलओ ने स्टेशनरी प्राप्त नहीं की गई है। कई बार कहने के बाद भी वह स्टेशनरी नहीं ले रहे हैं। यह स्थिति कर्मचारी आचरण नियमावली के विरुद्ध है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय गनेशपुरा की सहायक अध्यापिका नेहा भारती, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरेवासकलां के शिक्षा मित्र सुजान सिंह परमार, पूर्व मावि बिजरौठा के शिक्षा मित्र रागनी देवी, कंपोजिट उप्रवि दौलता के सहायक अध्यापक अखिलेश वर्मा, कंपोजिट उप्रवि धनगौल के अनुदेशक चंपालाल और उप्रावि गडिया की आंगनबाड़ी कर्मचारी प्रीति चतुर्वेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
तालबेहट। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को उपजिलाधिकारी श्रीराम यादव ने दोपहर बाद विकासखंड के लगभग दो दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें बीएलओ मतदान केंद्रों पर मौजूद मिले।उन्होंने गडलयाना खांदी, सुनौरी, सुनौरा, नत्थीखेड़ा, पूराविरधा, पूराकलां, कंधारीकलां, झांवर आदि मतदान केंद्र देखे और बीएलओ से जानकारियां लीं। कुछ बूथों पर नाम जुड़वाने आए युवा मतदाताओं से भी बात की। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से पूरी ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश देते हुए नवीन मतदाताओं का अनिवार्य रूप से मतदाता बनाने के निर्देश दिए।
