चित्रकूट। भाजपा ने बुंदेलखंड क्षेत्र के तीन जिले चित्रकूट, बांदा व महोबा के नगर पालिका व नगर पंचायत के सभासदों को आगामी लोकसभा चुनाव में तैयार रहने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिस वार्ड में विधानसभा व नगर पालिका के चुनाव में भाजपा हारी है, वहां पर गंभीरता से काम करें। आदर्श जनप्रतिनिधि बनकर ही जनता की सेवा करना चाहिए।
सीतापुर कस्बा स्थित स्वर्णिमा होटल में प्रशिक्षण का शुभारंभ बुुंदेलखंड कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू ने करने के बाद कहा कि आदर्श जनप्रतिनिधि बनकर जनता के बीच जाकर सेवा करें। लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए काम करें। जनता की सेवा निष्ठा से करें। प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा की सरकार ऐतिहासिक कार्य कर रही है। सभी वर्गों के हित के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। इसकी जानकारी दें।
सांसद आर के सिंह पटेल ने कहा कि निकाय के जनप्रतिनिधि अपने- अपने क्षेत्र में सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। कार्यक्रम मेें प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, बांदा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महोबा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता , चित्रकूट जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी ने संबोधित किया।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, नपा अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, कोआपरेटिव बंैक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, शक्ति प्रताप सिंह, विनीत पयासी, नीलम शुक्ला व शकुंतला गुप्ता आदि मौजूद रहीं।
