अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वॉटर स्पोर्ट के शौकीन ऋषिकेश की तर्ज पर बुंदेलखंड में भी जल्द जेट स्कीइंग, वॉटर स्कूटर, मोटर वोट जैसे रोमांचक खेलों को लुत्फ उठा सकेंगे। इन रोमांचक खेलों के प्लेटफार्म के लिए बेतवा नदी के किनारे स्थित नोट घाट को तैयार किया गया है। जेडीए अफसरों के मुताबिक इसका ट्रायल पूरा हो गया है। दीपावली के बाद इसकी शुरूआत की तैयारी है। अफसरों को उम्मीद है इसके सहारे पर्यटकों को बुंदेलखंड तक लाने में मदद मिलेगी।
बड़ी संख्या में पर्यटक ऋषिकेश में वाटर राफ्टिंग, कायकिंग, जेट स्कीइंग, वॉटर स्कूटर, कैनोइंग जैसे खेलों को लुत्फ उठाने पहुंचते हैं। ऋषिकेश में गंगा में तेज बहाव होने के नाते वाटर राफ्टिंग होती है। बेतवा के नए पुल के पास स्थित नोटघाट के आसपास भी बेतवा नदी में बहाव है। इस वजह से यहां जेट स्कीइंग, वाटर स्कूटर आदि का संचालन हो सकता है। पर्यटक बेतवा नदी की लहरों पर भी मोटर बोट दौड़ा सकेंगे। इसी तरह जेट स्कीइंग और वॉटर स्कूटर पर बैठकर भी नदी में फर्राटा भर सकेंगे। इसके लिए झांसी बोट क्लब ने एक निजी प्राइवेट आपरेटर की मदद से पीपीपी मॉडल पर प्लेटफार्म तैयार किया है। उपाध्यक्ष आलोक यादव का कहना है ट्रायल कर लिया गया है। जल्द ही इसे आरंभ करने की कोशिश की जा रही है।
