चित्रकूट । सदर कोतवाली क्षेत्र के कपसेठी गांव के बाहर युवक का शव पेड़ में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया कि वह दो दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने के लिए निकला था।
सीतापुर चौकी क्षेत्र के लुढ़हा पुरवा छपरामाफी निवासी चचेरे भाई सूरज सिंह ने बताया राममूरत पटेल (18) गुरुवार की रात्रि को दो दोस्तों के साथ शिवरामपुर में रहने वाले दोस्त के घर जन्मदिन समारोह में जाने के लिए बाइक से निकला था। उसे घर में दो दोस्त लेने आए थे। देर रात्रि तक वापस न आने पर परिजन खोजबीन में जुट गए। काफी देर बाद उसके साथ मौजूद एक दोस्त ने परिवार में फोन कर बताया कि राममूरत का एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल भेजा जा रहा है। परिजनों ने बताया कि इसके बाद वह सब अस्पताल पहुंचे लेकिन वह वहां नहीं मिला।
शुक्रवार की सुबह कपसेठी गांव स्थित रेलवे लाइन के पास महुआ के पेड़ से उसका शव फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की जेब से मिले मोबाइल व कागजात के आधार पर शिनाख्त कराने के बाद परिजनों को सूचना दी। यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव पेड़ में लटकाने का आरोप लगाया है।
कोतवाल अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि अभी तक के मिले सबूतों के आधार पर मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजनों ने इसे हत्या की बात कहकर पोस्टमार्टम कराने से रोका था। इसमें आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। जिन दो युवकों के साथ राममूरत गया, था उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है। शनिवार को वीडियो रिकार्डिंग के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
