संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हंसारी निवासी ऊदल (30), मोहन (50), कमलेश (35) अपनी बाइक से शुक्रवार को कस्बा बांसी आए थे। शाम करीब 6 बजे वह लोग अपने गांव हंसारी जा रहे थे। अभी वह सिंघई पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि सामने से अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे तीनों बाइक सहित सड़क किनारे स्थित खाई में गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हाइवे एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां तीनों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
