संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
Updated Sat, 11 Nov 2023 12:06 AM IST
चित्रकूट। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के सदर कोतवाली अंतर्गत पुलिस लाइन खोह के पास अनियंत्रित जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार प्रधान पुत्र समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा भरतकूप के पास आमने सामने से दो श्रद्धालुओं की बाइक टकरा गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक को प्रयागराज रेफर किया गया है।
खरौंध निवासी प्रधान लवकुश का पुत्र अनुराग अपने गांव के दोस्त अवशेख कुमार बाइक से मुख्यालय की ओर आ रहे थे। जैसे ही हाइवे के पुलिस लाइन के पास पहुंचे तो सामने से तेज गति से आई जेसीबी ने बाइक पर टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार वहीं पर गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
अनुराग की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। भरतकूप के पास हाईवे पर चित्रकूट दर्शन करने आ रहे कबरई महोबा निवासी राजाराम व राजेंद्र कुमार की बाइक पर सामने से आई बाइक ने टक्कर मार दी। इसमें राजाराम व राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए।
इसके अलावा शिवरामपुर सीतापुर के बीच बाइक की आमने सामने से टक्कर में कमासिन निवासी राहुल व कसहाई निवासी आशीष कुमार घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों घटनाओं में बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था। छह घायलों में पांच का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
