जालौन। जमीन और मकान को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इसमें एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग भी की गई, जिससे गांव में अफरा तफरी मच गई। किसी ने फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर बंदूक बरामद कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के दहगुवां गांव निवासी जयवीर सिंह का उसके भाई गिरेंद्र के बीच मकान व जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। कई बार झगड़ा हो चुका है। शनिवार की सुबह परिवार के ही मानवेंद्र सिंह भूसाघर में भूसा लेने के लिए गए थे। इसी दौरान वहां गिरेंद्र सिंह दो अन्य लोगों के साथ पहुंच गए। जहां मकान के विवाद को लेकर उनके बीच झगड़ा होने लगा, पहले तो दोनों पक्षों के बीच गाली, गलौज होती रही।
जब बात नहीं थमी तो दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान गिरेंद्र दौड़कर अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर आ गया और हवाई फायर कर दिया। जिससे मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। इसी दौरान इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर किसी ने वायरल कर दिया। फायरिंग होने के बाद भी जब दोनों पक्षों के बीच विवाद नहीं थमा तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सीओ रविंद्र गौतम, कोतवाल विमलेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हवाई फायर में प्रयोग की गई लाइसेंसी बंदूक बरामद करते हुए दोनों पक्षों के छह लोगों को कोतवाली ले आई। जहां उनसे पूछतांछ चल रही है। सीओ का कहना है कि जमीन व मकान के विवाद में पारिवारिक लोगों के बीच ही झगड़ा हुआ था। हवाई फायरिंग भी हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली है। दोनों पक्षों पर कार्रवाई की जा रही है।
