Spread the love


अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। मंगलवार को झांसी पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वामी प्रसाद मौर्य के बहाने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। मां लक्ष्मी पर स्वामी प्रसाद के विवादित बयान पर केशव ने कहा कि जो अखिलेश लिखकर देते हैं, वही स्वामी प्रसाद बोल देते हैं। स्वामी प्रसाद की जुबान पर शब्द अखिलेश के होते हैं। इसके अलावा राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि जनता तो छोड़ो, कांग्रेसी ही उन्हें अपना नेता नहीं मानते हैं। राहुल के बयान को कोई गंभीरता से नहीं लेता।

मध्य प्रदेश के चुनाव के सिलसिले में एक सप्ताह में दूसरी बार झांसी पहुंचे केशव प्रसाद ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे का पैसों के लेनदेन को लेकर वायरल वीडियो के बारे में कहा कि इसकी जांच कराने के लिए तोमर ने खुद लिखकर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब हारती है, तो इस प्रकार का दुष्प्रचार करने लगती है। कांग्रेस के सीएम पद के उम्मीदवार खुद चुनाव हार रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का चप्पा-चप्पा भाजपा का हो गया है। चारों तरफ कमल की आंधी चल रही है। कांग्रेस का जो हाल यूपी में है, वही मध्य प्रदेश में होने वाला है। राहुल गांधी द्वारा मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार की राजधानी बताने पर केशव ने कहा कि जिसके पिता ने प्रधानमंत्री रहते हुए संसद में खड़े होकर कहा था कि हम दिल्ली से एक रुपया भेजते हैं, लेकिन बीच में कांग्रेस के दलाल 85 पैसे खा जाते हैं। जिनके लिए भेजते हैं, उनके पास सिर्फ 15 पैसे ही पहुंचते हैं। राहुल गांधी भ्रष्ट पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं, कांग्रेस गरीबों का हक लूटकर खाती है। झांसी में पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर कुछ देर रुकने के बाद केशव मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर प्रदीप सरावगी, मुकेश मिश्रा, पुनीत अग्रवाल आदि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *