बांदा। अभद्रता से शुरू हुए विवाद में 10 पड़ोसियों ने मिलकर चार लोगों के ऊपर डंडों व कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया।दोनो पक्ष के एक महिला सहित सात लोग घायल हो गए हैं। एक पक्ष के चार घायलों का कानपुर और दूसरे पक्ष के तीन घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरसंडा मानपुर गांव निवासी महेंद्रपाल सोमवार की देर शाम अपने दरवाजे पर बैठा था। उसी समय पड़ोसी तीन युवक शराब के नशे में आए और चबूतरे पर डंडे ठोकते हुए गालियां देने लगे। महेन्द्रपाल ने कहा कि गाली क्यों दे रहे हो अपने घर जाओ। युवक नहीं माने और मारपीट करने लगे। शोर सुनकर घर में मौजूद महेन्द्रपाल के तीन बेटे राकेश, ब्रजेश और मुकेश बाहर निकल आए।
विवाद शांत करने का प्रयास करने लगे। देखते ही देखते दूसरे पक्ष की ओर से महिलाओं सहित आठ लोग डंडे और कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गए। डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे एक पक्ष के चारों लोग लहूलुहान होकर मौके पर जमीन में गिर कर बेहोश हो गए। घर की महिलाओं ने सूचना कोतवाली पुलिस और डायल पुलिस को दी। सूचना देने के करीब दो घंटे बाद करतल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
एंबुलेंस न आने के कारण डायल पुलिस की जीप में चारों घायलों को लादकर रात में 10 बजे सीएचसी नरैनी पहुंचाया।चिकित्सक ने हालत खराब देख चारों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज में इलाज में सुधार न होने पर चारों घायलों को कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है। परिजनों ने बताया कि दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर, दूसरे पक्ष के सियासखी, सीताराम और प्रदीप भी घायल हुए हैं। तीनो अपने वाहन से रात में ही सीएचसी पहुंचे थे। इनको जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पता चला है कि दोनों पक्ष के घरों के युवक दिल्ली में एक साथ रहकर मजदूरी करते हैं। गांव में जुआ खेलने में लेनदेन किया था। इसी बात को लेकर जानलेवा हमला किया गया है।
