संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Tue, 14 Nov 2023 11:50 PM IST
उरई। दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग के मामले में युवती के परिजनों ने युवक को पीटकर जहर पिला दिया। झांसी के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कानपुर ट्रैफिक विभाग में तैनात सिपाही समेत तीन पर हत्या की रिपोर्ट दर्जकर सिपाही को गिरफ्तार किया है।
उरई शहर कोतवाली क्षेत्र के पडूली गांव निवासी राजेंद्र का पुत्र शिवराज सिंह चुर्खी (25) बाईपास पर ऑटो रिपेयरिंग करता था। आरोप है कि रविवार को जेल रोड निवासी युवती के पिता दो लोगों के साथ शिवराज के घर पहुंचे और उसे पीटा। इसके बाद जहर पिला दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। मृतक के भाई यशपाल ने सिपाही नवाब खां सहित दो अज्ञात पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ गिरजाशंकर त्रिपाठी का कहना है कि जांच में मामला प्रेम प्रसंग का निकला है। नबाव खां को पकड़ लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
