चित्रकूट/राजापुर। सरधुआ थाना क्षेत्र के हरीसनपुर तालाब के पास बेकाबू ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक पर टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार लहूलुहान होकर गिर पड़ा। भागते समय ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो बालिकाएं बाल-बाल बच गईं। उधर, घायल बाइक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सरधुआ थाना क्षेत्र के चिल्लीमल निवासी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि भतीजा राजेश निषाद (27) बहन से मिलने बाइक से हरीसनपुर गांव आया था। वापसी पर जैसे ही गांव के बाहर मुख्य सड़क पर तालाब के पास पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक पर टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर मवेशी को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित हुआ और चालक संतुलन नहीं बना पाया। बाइक सवार के घायल होने के बाद भाग रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो किशोरियां भी बाल बाल बचीं थीं। इन्ही किशोरी में एक ने लहूलुहान पड़े राजेश को पहचान कर परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस की मदद से उसे सीएचसी में भर्ती कराया। इसके बाद उसे कौशांबी जिले के लिए डॉक्टरो ंने रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता शोभा कुमार की तहरीर पर ट्रैक्टर नंबर व अज्ञात चालक के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज की गई है। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
इस घटना के बाद परिजनों में मातम है। राजेश मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। पत्नी कविता, मां चंदा का रो रोकर बुरा हाल है। उसके एक साल का पुत्र है। वह तीन भाइयों में छोटा था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गांव के बाहर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
