परिजनों ने साथियों पर शराब पिलाने के लगाए आरोप, की हाथापाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ट्रेन की चपेट में आने से टैक्सी यूनियन के जिलाध्यक्ष का टैक्सी चालक भतीजा गंभीर घायलावस्था में मिला। आरपीएफ ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। घायल युवक टैक्सी यूनियन के जिलाध्यक्ष का भतीजा बताया जा रहा है।
शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी टैक्सी चालक अमित साहू (40) बुधवार की शाम को रेलवे स्टेशन के पास रेलवे मालगोदाम के पास रेल पटरी पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। आरपीएफ थाना पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गम्भीर देखते हुए घायल को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। ट्रेन की चपेट में आने से अमित के दोनों पैर कट गए हैं। सूचना मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने हंगामा काटा और अमित के साथियों पर शराब पिलाने का आरोप लगाते हुए मारपीट करने लगे। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों की बीच बचाव कर मामला शांत कराया।
