संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में जल संरक्षण और किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के लिए जिला योजना के तहत पौने दो करोड़ रुपये से चार चेकडैम बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। चेकडैम ब्लॉक जखौरा, तालबेहट, मड़ावरा और बिरधा क्षेत्र से निकले नालों पर बनाए जा रहे हैं।
कुछ महीने पहले लघु सिंचाई विभाग ने जिला योजना के तहत चार चेकडैम बनाने का का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने चेकडैमों के निर्माण के लिए बजट जारी कर दिया। इसके बाद चेकडैम के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई। इसमें ब्लॉक तालबेहट के गांव पिपरई में उड़वा नाले पर 41 लाख, ब्लॉक मड़ावरा के गांव दिगवार में बड़ानाला पर 45 लाख, ब्लॉक जखौरा के गांव गैंचवारा में खरखरी नदी पर 47 लाख और ब्लॉक बिरधा के गांव बरौदा बिजलौन में घुंसी नाले पर 42 लाख रुपये से चेकडैम का निर्माण कार्य शुरू कराया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि चेकडैम बनने से बड़ी संख्या में किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने लगेगा। साथ ही बारिश के दिनों में जल संरक्षित भी होगा।
चेकडैमों की जल भंडारण क्षमता और लाभान्वित किया
गांव का नाम – जल भंडारण – सिंचित क्षमता – लाभान्वित किसान
पिपरई – 16603 क्यूसेक – 22 हेक्टेयर – 20 किसान
दिगवार – 18802 क्यूसेक – 26 हेक्टेयर – 25 किसान
बरौदा बिजलौन – 26062 क्यूसेक – 35 हेक्टेयर – 33 किसान
गैंचवारा – 17530 क्यूसेक – 25 हेक्टेयर – 22 किसान
जिला योजना के तहत 1.75 करोड़ रुपये की लागत से चार चेकडैमों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इससे जल संरक्षण होगा और किसानों को फसल सिंचाई के लिए भी पानी मिल सकेगा। – नायर आलम, अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई विभाग
