रामपुरा। डीएम व एसपी ने कार्तिक पूर्णिमा पर पंचनद संगम में होने वाले स्नान के घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इंतजामों को नाकाफी बताते हुए सभी व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीएम राजेश कुमार पांडेय ने 26 नवंबर से प्रारंभ होने वाले कार्तिक पूर्णिमा के पंचनद महोत्सव एवं पंचनद संगम स्नान पर्व प्रारंभ होने से पूर्व कंजौसा पहुंचकर पंचनद संगम के स्नान घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। नदी का पानी के उतर जाने से किनारे पर छोड़े गए बड़े-बड़े पत्थरों से श्रद्धालुओं के गिरकर चुटिहल होने की संभावना को देखते हुए इंतजामों को अपर्याप्त ठहराया।
डीएम ने एसडीएम माधौगढ़ शशिभूषण व बीडीओ रामपुरा ओमप्रकाश द्विवेदी व ग्राम प्रधान को निर्देशित किया कि 24 घंटे में स्नान घाट तक जाने वाले रास्ते व स्नान घाट पर रेत डलवाकर दुरुस्त एवं समतल करवाएं। उन्होंने पीडब्लूडी के अभियंता को भी निर्देशित किया गया की रेत में बिछाई जाने वाली लोहे की प्लेटों को पंचनद तट पर बिछवाकर रास्ता दुरुस्त किया जाए।
सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा को निर्देशित किया गया कि दौरान मेला जीवन रक्षक दबाव से युक्त दो एंबुलेंस की तैनाती रहेगी। खाद्य निरीक्षक से मेला में बिकने वाली मिठाइयां की गुणवत्ता पर रखने के लिए सैंपलिंग करने को कहा। एडीएम नमामि गंगे विशाल यादव को निर्देशित किया गया कि नगर पंचायत एवं नगर पालिका में उपलब्ध मोबाइल टॉयलेट एवं कर्मचारी की व्यवस्था की जाए। एसपी ईरज राजा ने पुलिस प्वाइंट एवं बैरियर प्वाइंट की समीक्षा कर मंदिर व स्नान घाट एवं मेला आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला मंदिर प्रबंधन कमेटी से मेला ग्राउंड में सीसीटीवी कैमरा लगाने को कहा। इस दौरान सीडीओ भीमजी उपाध्याय, एएसपी असीम चौधरी, सीओ शैलेंद्र कुमार बाजपेई आदि मौजूद रहे।
