Spread the love


जिला अस्पताल में अभी से रोजाना सौ मरीजों की वेटिंग शुरू, नवंबर में चार गुना ऑपरेशन बढ़े

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में दिसंबर से मार्च तक मोतियाबिंद के 20 हजार ऑपरेशन होंगे। सबसे ज्यादा करीब नौ हजार ऑपरेशन जिला अस्पताल में होंगे। यहां पर अभी रोजाना सौ मरीजों की वेटिंग शुरू हो चुकी है। नवंबर में ही चार गुना ऑपरेशन बढ़ गए हैं।

झांसी में हर साल मोतियाबिंद के 30 हजार ऑपरेशन होते हैं। इसमें 70 फीसदी ऑपरेशन सर्दियों के दिनों में यानी नवंबर से मार्च तक होते हैं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद कुमार यादव ने बताया कि चिकित्सालय में सालाना करीब 16000 मरीज मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराते हैं। इसमें पांच हजार ऑपरेशन गर्मियों और 11 हजार सर्दियों में होते हैं। अप्रैल से अक्तूबर 2023 तक अस्पताल में चार हजार ऑपरेशन हुए थे। मगर नवंबर में अब तक दो हजार ऑपरेशन हो चुके हैं। आगामी चार महीनों में नौ हजार मोतियाबिंद के ऑपरेशन और होंगे। मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में हर साल लगभग 4000 मोतियाबिंद के ऑपरेशन होते हैं। इसमें करीब तीन हजार सर्जरी नवंबर से मार्च तक होंगी। आई स्पेशलिस्ट डॉ. शमी और डॉ. अभिषेक गुप्ता का कहना है कि झांसी में निजी अस्पतालों में करीब 25 नेत्र सर्जन कार्यरत हैं। इन दिनों प्रत्येक चिकित्सक औसतन तीन से चार सर्जरी करता है। ऐसे में दिसंबर से लेकर मार्च तक लगभग नौ हजार मोतियाबिंद के ऑपरेशन होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *