संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला अस्पताल में जल्द ही रीढ़ की हड्डी के ऑपरेशन (स्पाइन सर्जरी) शुरु हो सकते हैं। शासन ने जिला अस्पताल में कार्यरत एक ऑर्थोसर्जन को इसके लिए चयन कर दो दिवसीय प्रशिक्षण कराया है। अन्य प्रशिक्षण पूर्ण होने और मशीनों की उपलब्धता होते ही रीड़ की हड्डी की समस्या जैसे जटिल ऑपरेशन भी किए जाएंगे। इससे मरीजों को बाहर ऑपरेशन के लिए नहीं जाना होगा।
जनपद में अब तक किसी भी अस्पताल में रीढ़ की हड्डी के ऑपरेशन (स्पाइन सर्जरी) की सुविधा नहीं है। ऐसे में लोगों को ऑपरेशन के लिए बाहर महानगरों में जाना पड़ता है। जहां पर अधिक शुल्क अदा करते हैं और आवाजाही की समस्या से भी जूझना पड़ता है। कई निर्धन तबके के मरीज बाहर उपचार तक को नहीं जा पाते हैं। शासन ने जनपदों में ही रीढ़ की हड्डी के ऑपरेशन (स्पाइन सर्जरी) की सुविधा देने की तैयारी की हैं, जिसके लिए पूर्व में प्रत्येक जनपद से एक-एक ऑर्थो सर्जन का नाम मांगा गया था। अस्पताल प्रबंधन ने डॉ. केके मिश्रा का नाम शासन को भेजा था। वह केजीएमसी लखनऊ में दो दिवसीय प्रशिक्षण लेकर आए हैं। अभी अन्य प्रशिक्षण भी दिए जाना हैंं, जिसके बाद चिकित्सक को तैयार किया जा सकेगा। हालांकि प्रशिक्षण के बाद ही ऑपरेशन शुरु नहीं हो सकेंगे। शासन से मशीनें उपलब्ध होने के बाद रीढ़ की हड्डी के ऑपरेशन शुरु किए जाएंगे। डॉ. केके मिश्रा ने बताया कि यह ऑपरेशन दूरबीन द्वारा किए जाएंगे। इससे मरीजों को अधिक परेशानी नहीं होगी। मशीनें आने के बाद स्थापित होने पर ऑपरेशन की सुविधा शुरु की जाएगी।
जिला अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक डॉ. केके मिश्रा को रीढ़ की हड्डी के ऑपरेशन (स्पाइन सर्जरी) के ऑपरेशन के प्रशिक्षण लेने के लिए भेजा गया था। मशीनें उपलब्ध होने पर मरीजों को जिला अस्पताल में सुविधाएं मुहैया होंगी।- डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
