न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी, आॅपरेशन कन्विक्शन की सूची में शामिल किया गया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नकली नोट के साथ पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमें में उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलाए जाने के लिए पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देश पर इस मुकदमें को ऑपरेशन कन्विक्शन की सूची में शामिल किया गया है। जिसके तहत इस मुकदमें की ठोस तरीके से पैरवी कराते हुए आरोपियों को अधिक से अधिक सजा दिलाई जाने की तैयारी शुरू कर दी है।
सौजना पुलिस ने अगस्त 2023 में नकली नोट के तस्करी करने वाले आशीष परिहार निवासी ग्राम पिपरई थाना जाखलौन, संजय उर्फ संजू निवासी ग्राम रामगढ, लखन उर्फ कुंजन और सूर्य प्रताप उर्फ राजाजी को गिरफ्तार किया था। उनके पास से सौ, दो सौ रुपये के करीब 98 हजार रुपये के नकली नोट मिले थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस मुकदमें को पुलिस अधीक्षक ने ऑपरेशन कन्विक्शन की सूची में शामिल करते हुए आरोप पत्र जल्द से जल्द न्यायालय में दाखिल करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में विवेचक ने मुकदमें की जांच करते हुए साक्ष्य एकत्रित कर विवेचना पूर्ण करने के बाद हाल ही में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिए। अब पुलिस न्यायालय में नकली नोट के इस मुकदमें की बेहतर तरीके से पैरवी करते हुए आरोपियों को अधिक से अधिक सजा दिलाने की तैयारी में जुट गई है। इस मुकदमें में की जाने वाली पैरवी की निगरानी एसपी स्वयं कर रहे हैं और लगातार दिशा निर्देश दे रहे है।
नकली नोट के साथ पकड़े गए आरोपियों को जल्द से अधिक से अधिक और जल्द सजा दिलाने के लिए न्यायालय में बेहतर तरीके से पैरवी करने के निर्देश दे दिए गए है। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी।
मोहम्म्द मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक
