Spread the love


मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर लगाए दहेज हत्या के आरोप

कार्रवाई को एसपी को मृतका की मां ने दिया शिकायती पत्र

ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव मैलार में शनिवार रात संदिग्ध हालात में नवविवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी मिली। ससुरालीजनों ने अज्ञात कारण के चलते फांसी लगाने की बात कही। वहीं मायके पक्ष न ससुरालीजनों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम चिकित्सकीय पैनल से कराया गया, इसकी वीडियोग्राफी भी की गई।

कोतवाली अंतर्गत ग्राम मैलार निवासी अनुभा (22) की शनिवार की रात को संदिग्ध परिस्थिति में उसके ससुरालीजन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने अनुभा के शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। यहां ससुरालीजनों ने बताया कि शनिवार की रात को अनुभा कमरे के अंदर छत के कुंदे से रस्सी के फंदे से फांसी पर लटकी मिली थी। जिसे फंदे से नीचे उतारकर वह लोग जिला अस्पताल लेकर आए। यहां अनुभा को मृत घोषित कर दिया गया। ससुरालीजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करने की बात कही। वहीं मायके ग्राम पवा निवासी मां राधा पत्नी राजेंद्र सिंह यादव ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया जिसमें बताया कि जुलाई 2023 में अनुभा की शादी ग्राम मैलार निवासी एक युवक से की थी। शादी में हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था। लेकिन ससुरालीजन मायके से अतिरिक्त दहेज में मोटर साईकिल, सोने की जंजीर सहित अन्य सामान की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न करने पर आरोपी ससुरालीजन मारपीट कर पुत्री को प्रताड़ित करने लगे थे। 2 दिसंबर की देर शाम उससे अनुभा की ससुराल से फोन आया तो उसने बताया कि उसके ससुरालीजन उससे लड़ रहे हैं और दहेज की मांग करते हुए मारपीट कर रहे हैं। रात करीब 11 बजे ससुराल से फोन आया और बताया कि अनुभा ने फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। पत्र में मृतका की मां ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न करने पर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

सीओ सदर ने किया मौका मुआयना

नवविवाहिता की मौत होने और मायके पक्ष के ससुरालीजनों पर हत्या के आरोप लगाने पर क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण सिंह ग्राम मैलार पहुंचे। यहां उन्होंने मौका मुआयना किया और गांव के लोगों से आवश्यक पूछताछ की।

नवविवाहिता की मौत होने पर उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शांति व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए पुलिस की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। मायके पक्ष की ओर से शिकायती पत्र मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *