
मामले की जांच करते अधिकारी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
चित्रकूट में मंदिर दर्शन करने आए इटावा के डीएम की गाड़ी पेट्रोल पंप से पेट्रोल भराने के बाद सड़क पर बंद हो गई। मिलावटी पेट्रोल होने की संभावना पर नाराज डीएम ने चित्रकूट के अधिकारियों को जानकारी दी तो रात में ही हडकंप मच गया। आनन-फानन अधिकारियों की टीम भरतकूप के पेट्रोल पंप पहुंची और पंप के नोजल को बंद कर जांच की गई। दो बार अधिकारियों ने जांच की और चार नमूने लेकर लैब भेजे हैं।
इटावा के डीएम अवनीश कुमार राय प्राइवेट वाहन से कुछ परिचित लोगों के साथ मंगलवार को चित्रकूट के मंदिर में दर्शन पूजन करने आये थे। देर रात को वापसी पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के पास भरतकूप स्थित मे. कान्हा इंडियन आयल लिमिटेड के पंप से कार का पेट्रोल टैंक फुल कराया। लगभग आधा किमी जाने के बाद अचानक उनकी कार रास्ते में बंद हो गई। चालक ने इंजन आदि की जांच कर संदेह जताया कि मिलावटी पेट्रोल होने से इंजन बंद हुआ है। इतना सुनते ही डीएम ने चित्रकूट के डीएम व अन्य अधिकारियों को फोन से मामले की जानकारी दी। मामला गंभीर होने पर जिला प्रशासन में हडकंप मच गया। डीएम अभिषेक आनंद के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार ङ्क्षसह, इंस्पेक्टर दिलीप सिंह व भरतकूप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात में ही दो मिस्त्रियों को बुलाकर कार के इंजन की जांच कराई गई।
पता चला कि पेट्रोल टंकी से पेट्रोल की सप्लाई नहीं हो रही है। पेट्रोल में मिलावट होने की संभावना जताई गई। इसके बाद अधिकारी पेट्रोल पंप पहुंचे और संचालक भोला प्रसाद मिश्र समेत सभी कर्मचारियों को बुलाया गया। पंप के नोजल की जांच हुई और जिला पूर्ति अधिकारी ने इसे बंद करा दिया। उधर मिस्त्री ने कार सही कर दी तो इटावा के डीएम व अन्य सकुशल रवाना हो गए। इधर, डीएम के निर्देश पर पेट्रोल पंप में पेट्रोल टैंक से लेकर कई अन्य लोगों को पेट्रोल वितरण के दौरान पूछताछ व जांच की गई। बुधवार की सुबह फिर जांच टीम पहुंची और उस पंप से पेट्रोल के चार नमूने लिए। नोजल को वितरण के लिए खोल दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों की जांच के लिए लैब व कंपनी के सेल्स मैनेजर के पास भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी बताया कि आटोमेशन मशीन के चलते आजकल पेट्रोल डीजल में ज्यादा मिलावट संभव नहीं है। अभी कुछ कहा नहीं जा सकता लेकिन संभावना है कि डीएम के वाहन के टैंक में कोई कचड़ा फंसा होगा जिससे यह समस्या हुई लेकिन सतर्कता से पूरी जांच जारी है।
दो अन्य वाहन चालकों ने की शिकायत
भरतकूप के मे. कान्हा इंडियन ऑयल लिमिटेड में पेट्रोल व डीजल भराने वाले दो अन्य वाहन चालक भी पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वाहन भी कुछ दूर जाकर बंद हो गए हैं। अधिकारियों से कहा कि मिलावटी पेट्रोल डीजल होने की संभावना है। इसकी जांच कराई जाए। जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि एक स्कार्पियो चालक ने इसकी शिकायत की तो मिस्त्री से वाहन की जांच हुई तो पता चला कि उसके वाहन के डीजल टैंक में रिसाव होने से पानी आ गया था।
