
मोहम्मद आर्यन तारिक।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईसीएसई) के 10वीं और 12वीं के रिजल्ट में एक बार फिर से लखनऊ के मेधावियों ने अपनी बादशाहत कायम की। रविवार को जारी रिजल्ट में सिटी मांटेसरी स्कूल की राजाजीपुरम शाखा के मो. आर्यान तारिक ने 99.75 अंक हासिल करके देश भर में आईएससी (12वीं) में संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। आर्यान के साथ ही राजधानी के पांच स्टूडेंट ने आईएससी और तीन स्टूडेंट्स ने आईसीएसई (10वीं) में अखिल भारतीय स्तर की मेरिट में अपना स्थान बनाया।
काउंसिल की ओर से जारी रिजल्ट में 12 में आर्यान के साथ ही सीएमएस के तनिष्क सोनकर, अर्पिता सिंह, आएशा खान और लामार्टीनियर गर्ल्स कॉलेज की योगांजना सिंह ने देश भर में संयुक्त रूप से दूसरा स्थान बनाया। इन सभी को 99.50-99.50 फीसदी अंक प्राप्त हुए। इसी तरह 10वीं में 99.60 फीसदी नंबर के साथ लामार्टीनियर गर्ल्स कॉलेज की सुहानी अग्रवाल, सीएमएस की अनुकृति दिनेश राय और श्रेष्ठ मेहरोत्रा ने राष्ट्रीय मेरिट में दूसरे स्थान पर रहीं। इनके साथ ही राजधानी के कई मेधावियों ने राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मेरिट में स्थान बनाया।
डॉक्टर बनना चाहता है आर्यन
काउंसिल की परीक्षा में देश भर में पहला स्थान हासिल करने वाले आर्यन डॉक्टर बनकर मरीजों की सेवा करना चाहते हैं। आर्यन के पिता तारिक नफीस प्राइवेट जॉब करते हैं जबकि मां इमाइला गृहिणी हैं। आर्यन के अनुसार डॉक्टरी ही ऐसा पेशा है जिसमें आप सीधे तौर पर न सिर्फ मरीज की मदद कर सकते हैं बल्कि उनकी जान भी बचा सकते हैं। परीक्षा में सफलता हासिल करने पर आर्यन का कहना है कि चीजों को रटने के बजाय विषयवार टॉपिक क्लियर करने पर जोर देना चाहिए। इससे पढ़ा हुआ याद रहता है और परीक्षा के समय कोई समस्या नहीं आती है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ICSE व ISC की बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों व गुरुजनों को हार्दिक बधाई! आप सभी ‘नए उत्तर प्रदेश’ के स्वर्णिम भविष्य हैं। कठोर परिश्रम व अटूट लगन से जीवन की हर परीक्षा में ऐसे ही उत्तीर्ण होते रहें, यही कामना है। मां सरस्वती की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।
आईसीएसई व आईएससी की बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सीएम योगी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को घोषित आईसीएसई 10वीं व आईएससी 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्तीर्ण छात्रों, उनके परिजनों व गुरुओं को बधाई दी। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर सीएम योगी ने लिखा, ‘आईसीएसई व आईएससी की बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों व गुरुजनों को हार्दिक बधाई। आप नए उत्तर प्रदेश के स्वर्णिम भविष्य हैं। कठोर परिश्रम व अटूट लगन से जीवन की हर परीक्षा में ऐसे ही उत्तीर्ण होते रहें, यही कामना है। मां सरस्वती की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।’ उल्लेखनीय है कि काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (आईसीएसई-सीआईएससीई) ने रविवार दोपहर 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित किए। आईसीएसई 10वीं में 98.94% और आईएससी 12वीं में 96.93% छात्र पास हुए हैं। आईएससी बोर्ड में 399 अंकों के साथ 5 छात्रों ने टॉप किया है, जबकि आईसीएसई 10वीं में 9 छात्रों ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
