संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
Updated Sat, 09 Dec 2023 12:33 AM IST
चित्रकूट । घर से नाराज होकर निकले छात्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस व परिजनों ने ट्रेन की चपेट में आने से मौत की बात कही है जबकि जनचर्चा है कि पारिवारिक कारणों के चलते छात्र ने खुदकुशी की है।
सीतापुर चौकी क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड मोहल्ला निवासी रामगोपाल ने बताया कि उसका छोटा भाई रामू यादव (22) छत्रपति शाहूजी महाराज नरैना खेरा अगरहुंडा में बीएससी अंतिम वर्ष (कृषि) का छात्र था। गुरुवार की रात्रि को वह मनोहरगंज निमंत्रण कर वापस आया था। इसके एक घंटे बाद बिना कुछ बताए घर से फिर निकल गया था। जब देर रात्रि को वापस न घर लौटने पर परिजनों ने फोन किया तो उसने फोन रिसीव नहीं किया। तब परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
इधर बेडीपुलिया के रेल पटरी के पास शव मिलने की सूचना पर सीतापुर चौकी प्रभारी श्यामदेव सिंह टीम के साथ पहुंचे। मृतक तीन भाईयों में सबसे छोटा था। मां श्यामकली का रो-रोकर हाल बेहाल है।
