जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों को लेकर आई आपत्तियों का किया निराकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र को लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में परीक्षा केंद्र को लेकर आई आपत्तियों का निराकरण किया।
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों को लेकर परीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला विद्यालय निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षाओं के आयोजन को परीक्षा केंद्र का निर्धारण ऑनलाइन प्रक्रिया के द्वारा किया गया। जिसमें 10 राजकीय एवं 10 अशासकीय सहायता प्राप्त व 30 वित्तविहीन सहित कुल 50 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित हुए हैं। जिसको लेकर 28 नवंबर तक आपत्तियां मांगी गई थी। निर्धारित अवधि तक 18 आपत्तियां दर्ज कराई गई थी। जिसमें तीन परीक्षा केंद्र निरस्त करने, नौ परीक्षार्थी अधिक दूर आवंटित होने के संबंध, तीन परीक्षा केंद्र पर आवंटित परीक्षार्थियों को कम करने, दो परीक्षा केंद्र बनाए जाने को लेकर और एक आपत्ति परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र परिवर्तित करने को लेकर थी। डीआईओएस ने परीक्षा समिति को बताया कि एक परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है जोकि परीक्षा केंद्र बनाए जाने के मानक पूर्ण नही करता है उसे निरस्त करने की बात कही। इसके साथ नगर क्षेत्र में अन्य परीक्षा केंद्रों पर आंवटित परीर्थियों की संख्या कम करने के लिए नगर क्षेत्र में एक परीक्षा केंद्र बनाए जाने की बात कही। इस पर परीक्षा समिति ने सहमति दे दी। इस प्रकार से जनपद में अब यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 50 परीक्षा केंद्रों पर होगी। इस दौरान एसएसपी अनिल कुमार, एडीएम अंकुर श्रीवास्तव, बीएसए हरिकेश यादव, एसडीएम सदर अमित कुमार भारतीय सहित सभी एसडीएम,जीआईसी प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार, जीजीआईसी प्रधानाचार्य पूनम मलिक आदि मौजूद रहे।
