संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में भले ही नगर पालिका की ओर से सड़कों का निर्माण कराया जा रहा हो, लेकिन दुर्घटनाओं को दावत दे रहे सड़कों के गड्ढों को नहीं भरा जा रहा है। यही नहीं लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी पुलिया तक की मरम्मत नहीं की जा सकी है। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को आवाजाही में समस्या बनी हुई है। कई बार इन गड्ढों से दुर्घटना तक हो गई हैं, इसके बाद विभागीय जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सदनशाह-सिद्दन मार्ग में अधूरी पड़ी पांच मीटर सड़क
शहर के सदनशाह चौराहा से सिद्दनमार्ग में नई तहसील रोड की पुलिया के पास पांच मीटर सड़क का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। ऐसे में सिद्दनमंदिर से आने वाले वाहन सीसी रोड से फर्राटा भरते हुए आते हैं, आगे गड्ढों होने पर कंट्रोल न होने पर अनियंत्रित हो जाते हैं। कई बाइक सवार तो गिरकर चुटहिल तक हो जाते हैं। यह स्थिति दिन में लगभग चार से पांच वाहन चालकों के साथ बन जाती है।
000
आजादचौक से तालाबपुरा मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया
नगर के प्रमुख मार्ग में आजाद चौक से तालाबपुरा मार्ग में निर्मित पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। इसकी किनारे की दीवार टूटने से दायरा बढ़ता जा रहा है। हालत यह है कि यहां से अनजान या अधिक गति से वाहन गुजरने पर किसी भी दिन भीषण दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। कई बार चार पहिया वाहन गिर चुके हैं। दो पहिया वाहन गिरने से कई चालक चुटहिल व घायल तक हो गए हैं। इसके बाद भी पुलिया का निर्माण नहीं किया गया है।
चौकाबाग से आगे नहर की पुलिया के पास टूटी सड़क
शहर में मुख्य मार्ग पर चौकाबाग से नेहरू महाविद्यालय के बीच पड़ने वाली गोविंदसागर बांध की पुलिया के पास सड़क टूटी है। वहीं पुलिया से नहर मार्ग में बड़ा गड्ढा है। यहां से निकलने पर जरा सी भी लापरवाही चालक पर भारी पड़ सकती है। यहां पर किनारे से मोड़कर वाहन निकालने में समस्या है। कई बाइक सवार गड्ढे की चपेट में आकर गिरकर चुटहिल तक हो चुके हैं। यह मार्ग अधिक चलता है, महाविद्यालय जैसे शिक्षण संस्थान हैं, जहां पर विद्यार्थियों की अधिक आवाजाही होती है।
सड़क के कट व पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी हुई है, जिसे जल्द ही बंद कराया जाएगा। पुलिया की मरम्मत कराई जाएगी।
– निहालचंद्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद
