एसडीएम ने जमा की विद्यालयों की निरीक्षण आख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। यूपी बोर्ड द्वारा जारी किए परीक्षा केंद्रोें का एसडीएम द्वारा भौतिक अवलोकन किया गया। बुधवार को हुई बैठक में विद्यालयों की निरीक्षण आख्या जमा की गई। निरीक्षण में कई विद्यालयों में फर्नीचर की कमी की समस्या बताई गई।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तेजी आ गई है। बुधवार को परीक्षा केंद्रों के लिए आई आपत्तियों के निस्तारण को लेकर जिला समिति की बैठक बुलाई गई। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को हर परीक्षा केंद्र का भौतिक निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया था। इस दौरान बैठक में सभी एसडीएम और तहसीलदारों ने उनके तहसील के परीक्षा केंद्रों के भौतिक निरीक्षण की आख्या दी। जिसमें दो विद्यालयों के भवन जीर्ण-शीर्ण मिले, इसके अलावा दो विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल नहीं थी। ज्यादातर विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाएं जैसे फर्नीचर सीसीटीवी कैमरे, राउटर, स्ट्रांग रूम, टॉयलेट आदि की सुविधाएं दुरुस्त नहीं मिलीं।
63 परीक्षा केंद्रों के तहत आईं 50 आपत्तियां
वहीं बोर्ड के बनाए 63 परीक्षा केंद्रों के तहत 50 आपत्तियां आई हैं, जिसका जिला समिति निस्तारण करेगी। कुछ पुराने परीक्षा केंद्र जिन्हें इस बार परीक्षा केंद्र की सूची से बाहर कर दिया गया है, उन्हें सूची में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। डीआईओएस राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है, जल्द ही सूची फाइनल की जाएगी।
