संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
Updated Fri, 15 Dec 2023 12:43 AM IST
चित्रकूट । खेत की सिंचाई कर लौटे किसान की तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने ठंड लगने से मौत होने की बात कही। सूचना मिलते ही लेखपाल व कानूनगो पहुंचकर मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
भरतकूप थाना क्षेत्र के भैसौंधा निवासी छेदीलाल यादव ने बताया कि उसका छोटा भाई जुगुल किशोर यादव (40) बुधवार की रात्रि को घर से एक किलोमीटर दूर खेत पर सिंचाई करने गया था। रात्रि को वापस घर आने पर उसे अचानक ठंड व उल्टी दस्त की शिकायत होने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि ठंड लगने से मौत होने की पूरी संभावना है। मृतक खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो पुत्र व एक पुत्री है। पत्नी लक्ष्मी देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है। मौके पर लेखपाल अनिल यादव व कानूनगो लवकुश ने जाकर जांच पड़ताल की।
इस संबंध में भरतकूप थाना प्रभारी सूबेदार बिंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। उधर सदर एसडीएम सौरभ यादव ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। पीएम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
