ललितपुर। शुक्रवार को जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) नेहरूनगर एवं राजकीय बाल गृह (बालक) दैलवारा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में उन्होंने उपस्थित बच्चों से उन्हें दी जा रही सुविधाओं की बारे में जानकारी लेते हुए, निर्देश दिए कि संप्रेक्षण गृह में बच्चों को छोटे अपराधों में न रखा जाए, उनकी पेशी समय से कराई जाए। साथ बाल गृह में रह रहे सभी बच्चों के आधार कार्ड देखकर उनसे संबंधित जिले के अधिकारियों से संपर्क कर बच्चों को घर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही गणित, विज्ञान व अंग्रेजी विषयों के शिक्षकों को तैनात कर बच्चों को उच्च शिक्षा देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को मीनू के अनुसार आलू, पराठा, चाय व मौसमी फल दिया जाए तथा कक्षों एवं शौचालय में नियमित साफ सफाई कराई जाए। मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह एवं बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
