फालोअप
11 दिसंबर की रात को कस्बा बार में एक रात में हुई थी बाइक चोरी की घटना
संवाद न्यूज एजेेंसी
ललितपुर। कस्बा बार से एक ही रात में पुलिसकर्मी सहित दो लोगों की बाइक चुरा ले जाने वाले चोरों की गिरेबां तक पुलिस के हाथ पहुंच गए है। जल्द ही पुलिस चोरों को पकड़कर इस चोरी कांड का खुलासा कर देगी।
11 दिसंबर की रात को कस्बा बार में मुख्य बस स्टैंड के पास निवासी गोपाल सिंह चौहान के मकान के बाहर खड़ी पल्सर बाइक और एक पुलिसकर्मी की अपाची बाइक अज्ञात चोर चुराकर ले गए थे। एक रात में कस्बा से दो बाइक चोरी होने जाने से थाना पुलिस की गश्त व्यवस्था सहित सक्रियता पर सवाल खड़े हो गए थे। पुलिस ने बाइक स्वामी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और बाइक चुराने वाले चोरों की तलाश में जुट गई थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस के हाथ बाइक चुरा ले जाने वाले चोरों की गिरेबां तक पहुंच गए हैं। जल्द ही पुलिस इन चोरों को पकड़ कर चोरीकांड का खुलासा कर देगी। यह भी बताया जा रहा है कि बाइक चुराने वाले चोर समीपवर्ती मध्य प्रदेश क्षेत्र के हैं।
