ललितपुर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने में पुलिस वर्ष 2023 में आगे रही। यातायात नियमों का पालन न करने वाले 34 हजार वाहनों का 4.70 करोड़ रुपये का चालान किया। 12.53 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। यातायात पुलिस सहित सभी थाना-कोतवाली पुलिस समय समय पर चालकों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाती रहती हैं। सड़क सुरक्षा सप्ताह, यातायात पखवाड़ा और नवंबर में यातायात माह के दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। बाइक चलाते समय हेलमेट, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग, बाइक पर तीन सवारी न बैठाने सहित यातायात प्रपत्र साथ रखने और नाबालिगों को बाइक या स्कूटी न देने की बात आमलोगों से कही जाती है। साथ में वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाती है। बावजूद इसके लोग वाहन चलाते समय यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन कर रहे हैं। वर्ष 2023 में यातायात पुलिस व थाने की पुलिस द्वारा चालान के आंकड़ों को देखकर यह साफ है कि लोगों ने यातायात नियमों की खूब अनदेखी की। साल भर में यातायात पुलिस व जिले की पुलिस ने 34034 वाहनों का चालान किया। 217 वाहनों को सीज किया। इस दौरान 4,70,34,900 रुपये का चालान किया। इसमें 12,53,900 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
वर्ष 2022 में चालान का आंकड़ा
– 25579 वाहनों का हुआ था चालान
– 112 वाहनों को किया गया था सीज
– 2,90,61,492 रुपये के हुए थे चालान
– 11,54,792 रुपये कराए थे नगद जमा
– 2,79,06700 रुपये थे बकाया
यातायात नियमों का पालन न करने पर होने वाले चालान
– ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर 5 हजार रुपये
– बीमा न होने पर दो हजार रुपये
– हेलमेट न लगाने पर एक हजार रुपये
– सीट बेल्ट न लगाने पर एक हजार रुपये
– प्रदूषण प्रपत्र न मिलने पर 10 हजार रुपये
– नंबर प्लेट न होने पर पांच हजार रुपये
– नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर पांच सौ रुपये
फोटो-46
यातायात नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कुछ को चेतावनी दी जाती है। यातायात नियमों का पालन करने से वाहन चालक की जिंदगी सुरक्षित रहती है। नियम तोड़ने वालों का चालान किया जाता है।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक
फोटो-47
वर्ष 2023 में यातायात पुलिस ने करीब 34 हजार वाहनों का 4.70 करोड़ का चालान किया। 12.53 लाख रुपये नगद जुर्माना वसूल किया गया। इसके साथ यातायात नियमों काे लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस वर्ष भी यातायात नियमों को लेकर विभिन्न गतिविधियां और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाता रहेगा।
आलोक कुमार तिवारी, यातायात प्रभारी
