
Lalitpur Double Murder
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ललितपुर में रविवार देर रात युवक ने प्रेम प्रसंग में रोड़ा बनी पत्नी और एक साल की बेटी की हत्या कर दी। उसने अपना सिर दीवार से टकराकर खुद को भी घायल कर लिया। हिरासत में सख्ती से पूछताछ करने के बाद युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मोहल्ला चांदमारी निवासी नीरज कुशवाहा (27) शादियों में सजावट का काम करता है। उसका प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर पत्नी मनीषा (22) से अक्सर उसका विवाद होता था। रविवार देर रात वह मोबाइल पर बात कर रहा था। इसे लेकर उसका मनीषा से झगड़ा हो गया। लगा। गुस्साए मनीष ने कमरे में रखे क्रिकेट बैट से मनीषा पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
इसी दौरान उसकी एक साल की बेटी निपेक्षा जग गई। नीरज ने उसको भी गला दबाकर मार डाला। पत्नी व बेटी की हत्या के बाद नीरज ने अलमारी में रखे सामान को फैलाकर खून से सने बैट को छिपा दिया। अपना सिर दीवार में मारकर खुद को घायल कर लिया। सुबह करीब पांच बजे उसने अपने मित्र को मोबाइल पर बताया कि उसके घर में आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट कर उसकी पत्नी व पुत्री की हत्या कर दी। उसे भी घायल कर दिया है।
लोगों ने नीरज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसपी ने एएसपी व सीओ सदर के नेतृत्व में छह टीमों का गठन किया। मोहल्ले व आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। सीसीटीवी की फुटेज से पुलिस को नीरज पर शक हुआ तो उसे हिरासत में ले लिया।
