संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अप्रैल से शुरू हो रहे नए शैक्षिक सत्र में गरीब बच्चों को कान्वेंट विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रथम चरण के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
निशुल्क व अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत निजी विद्यालयों में पहली कक्षा की 25 फीसदी सीटों पर गरीब परिवारों के बच्चों को प्रवेश दिलाया जाता है। इसके लिए सरकार इन निजी विद्यालयों को प्रतिपूर्ति के रूप में प्रति बच्चा निर्धारित रुपया हर माह देती है। प्रतिवर्ष बेसिक शिक्षा विभाग गरीब परिवारों के बच्चों को इन निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाता है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अपनाई जाती है। लॉटरी के जरिए बच्चों का चयन किया जाता है। नए सत्र में ऐसे बच्चों को प्रवेश दिलाने के लिए शासन ने जिला प्रशासन को पत्र भेजा है। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। निजी विद्यालयों में गरीब बच्चों को प्रवेश दिलाने के लिए प्रथम चरण की आवेदन की प्रक्रिया 20 जनवरी से 18 फरवरी तक चलेगी। दूसरा चरण एक मार्च से 30 मार्च तक, तीसरा चरण 15 अप्रैल से 8 मई और चौथा चरण एक जून से 20 जून तक चलेगा। इन अवधि में प्राप्त आवेदनों में पात्रता के आधार पर छंटनी की जाएगी। कागजातों के सत्यापन के बाद लॉटरी निकाली जाएगी।
निजी विद्यालयों में गरीब परिवारों के बच्चों को कक्षा एक में प्रवेश दिलाने के लिए चार चरणों में आवेदन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्रथम चरण में 20 जनवरी से ऑनलाइन की आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई है। इस अवधि में प्राप्त आवेदनों में से पात्रता के आधार पर छंटनी और कागजातों के सत्यापन के बाद लॉटरी निकाली जाएगी। आरटीई का प्रचार प्रसार कराया जा रहा है।
हरिकेश यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी

राम भजन पर नृत्य करते बच्चे।स्रोत स्वयं

राम भजन पर नृत्य करते बच्चे।स्रोत स्वयं
