
बाह पुलिस थाना
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा के बाह से लूट के आरोप में सोमवार की शाम को पकड़े गए अनिल की बाह थाने की हिरासत में हालत बिगड़ गई। शरीर में कंपन के साथ मुंह से झाग निकलने पर पुलिसकर्मियों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अनिल के पिता होमगार्ड हैं। वहीं एक आरोपी पुलिस वाहन से कूदकर भाग निकला, जिसे पुलिस तलाश रही है।
पुलिस ने बताया कि बटेश्वर में दंपती से मोबाइल लूटने के आरोप में बटेश्वर के अनिल को हिरासत में लिया था। अनिल का साथी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। घटना के मुताबिक पिनाहट के कुकथरी निवासी अश्वनी शर्मा पत्नी के साथ बटेश्वर में मंदिरों के दर्शन करने आए थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम बाइक खड़ी कर लघुशंका के लिए रुके थे। इसी दौरान पहुंचे दो युवक उनसे हाथापाई करने लगे, यह देख पत्नी ने 112 नंबर डायल करने के लिए अपना फोन निकाला तो लूटकर दोनों मंदिर की ओर भागे।
दंपती ने मोबाइल लूटे जाने की सूचना पुलिस चौकी पर दी। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को मंदिर के पास से पकड़ लिया, पुलिस वाहन से एक आरोपी कूदकर भाग निकला, जबकि अनिल पुत्र पूरन सिंह को पुलिस थाने ले आई। थाने पहुंचने पर अनिल की हालत बिगड़ गई। पुलिस ने उसे बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर एसएन रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने बताया कि अनिल को तबीयत खराब होने पर एसएन अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित अश्वनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
