संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक मोहल्लों में रहने वालों को वर्ष 2025 में घर पर पानी की सुविधा मिलेगी। अमृत योजना-2 के तहत जल निगम करीब 143 करोड़ की लागत से पानी की तीन टंकी, पेयजल लाइन और स्वच्छ जलाशय बनाएगा। इससे 23665 परिवारों की करीब 1.33 लाख आबादी लाभान्वित होगी। जल निगम ने नझाई बाजार में स्वच्छ जलाशय बनाने के लिए मृदा परीक्षण का काम शुरू कर दिया है।
शुरुआती दौर में पेयजल सुविधा के लिए पाइपलाइन व टंकी का निर्माण किया गया था। वहीं, शहर का विस्तार होने के बाद भी पेयजल आपूर्ति की सुविधाएं नहीं बढ़ पाई थीं। इससे लगभग आधा दर्जन मोहल्लों में पानी की किल्लत बनी है। कुछ मोहल्लों का हाल यह है कि गर्मी ही नहीं सर्दी तक में पानी की समस्या रहती है। अमृत योजना-2 के अंतर्गत भेजे गए जल निगम के 143.39 करोड़ के प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की तैयारियां चल रही हैं। जल निगम के अभियंता ने स्वच्छ जलाशय बनाने के लिए नझाई बाजार स्थित वाटर बक्स में मिट्टी का परीक्षण शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अगले सप्ताह से पाइप लाइन डालने और पानी की टंकी बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। 15 माह में कार्य पूर्ण करने के बाद पेयजल सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
फैक्ट फाइल
कुल लागत-143.39 करोड़
लाभान्वित आबादी 1.33 लाख
पाइप लाइन-176 किमी
पानी की टंकी-01
स्वच्छ जलाशय-01
– रामनगर
– रावतयाना नहर किनारे
– लेड़ियापुरा
पाइप आने शुरू हो गए हैं। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण के लिए मिट्टी का परीक्षण किया जा रहा है। इसी सप्ताह में कार्य शुरू किया जाएगा।-मुकेश पाल, अधिशासी अभियंता, जल निगम शहरी इकाई
