संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए निर्धारित 50 केंद्रों में से पांच को संवेदनशील माना गया है। इन केंद्रों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। जिला प्रशासन के आलाधिकारियों के साथ स्थानीय खुफिया इकाई गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित कर जानकारी जुटाएगी।
22 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। हाईस्कूल के 21,400 और इंटरमीडिएट के 14,662 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जानी है। पांच परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। यहां अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। स्थानीय खुफिया इकाई भी सक्रिय रहेगी। साथ ही परीक्षा केंद्र के आसपास कोई एकत्रित न हो सके, इसके लिए पुलिस तैनात रहेगी। सचल दल, जोनल, स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की चेकिंग करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि पांच संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम रहेंगे। शांतिपूर्वक व नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
