संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Wed, 17 May 2023 12:05 AM IST
बांदा। रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर वापस लखनऊ जा रहे कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों को प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। सभी गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने प्राइवेट वाहन से सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
लखनऊ के पारा हंस खेड़ा निवासी रिटायर्ड सूबेदार रामबाबू (55), उनकी पत्नी शकुंतला (50), पुत्री ज्योति (28) व नातिन जैवी (8) लखनऊ से कार द्वारा एक रिश्तेदारी में शामिल होने अतर्रा आए थे। अतर्रा में उनका निजी निवास भी है। यहां से वह मंगलवार को दोपहर कार से वापस लखनऊ जा रहे थे।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगहनी गांव के पास सामने से आई प्राइवेट बस ने साइड न देकर सीधे टक्कर मार दी। इससे कार सवार यह सभी घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस समेत मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंचे देहात कोतवाली इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि प्राइवेट बस की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
