चित्रकूट । जिला अस्पताल में तैनात महिला डॉक्टर पर सीएमएस की मां को बंधक बनाने व जबरन घर में घुसने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। सीएमएस का आरोप है कि महिला डॉक्टर काम में मनमानी करती हैं, विरोध करने पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। उधर, महिला डॉक्टर ने सीएमएस पर ओपीडी न करने और लगातार धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
कोतवाली प्रभारी गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि सीएमएस डॉ. सुधीर शर्मा की तहरीर पर जिला अस्पताल की डॉ. आकांक्षा के खिलाफ उनकी मां शांति देवी को बंधक बनाने व जबरन घर में घुसकर धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मंगलवार को इस मामले में महिला डॉक्टर को बयान के लिए कोतवाली बुलाया गया है। मामले में सीएमएस ने तहरीर में बताया कि नौ मई को वह 90 वर्षीय मां को जिला अस्पताल के सीएमएस आवास पर छोड़कर जरूरी काम से बाहर गए थे। 10 मई की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे महिला डॉक्टर जबरन उनके घर में घुस गई और मां के साथ गाली-गलौज कर धमकाया।
कहा कि अपने बेटे सीएमएस को समझा लें नहीं तो फर्जी केस में फंसा दूंगी। इसके बाद कमरे का दरवाजा बंद कर चली गई। जानकारी होने पर दूसरे कर्मचारियों से कमरा खुलवाया गया। उधर, महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि उसे नियमानुसार कार्य नहीं करने दिया जा रहा है। आए दिन परेशान किया जाता है।
