चित्रकूट। मंदाकिनी नदी में डूबने से कानपुर देहात के कुंज बिहारी डिग्री काॅलेज के प्रबंधक क मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ नहाने के लिए आए थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कानपुर देहात के दूबकी थाना सिकंदरा निवासी सनी कटियार (30) पुत्र अशोक कटियार मंगलवार की सुबह अपने दोस्तों के साथ रिजर्व वाहन से चित्रकूट घूमने आए थे। दोस्तों ने बताया कि सभी लोग आरोग्यधाम के पास मंदाकिनी नदी पर स्नान करने के लिए पहुंचे। सभी लोग स्नान कर रहे थे, तभी पानी के बीच सनी लापता हो गया। इधर-उधर आवाज दी, इसके बाद नदी में उसको ढूंढना शुरु किया। काफी देर हो जाने के बाद स्थानीय युवकों की मदद से पुलिस सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी हीरालाल मिश्रा ने कुछ गोताखोरों को बुलाया और नदी में सनी की तलाश शुरु कराई।
कुछ ही देर में लगभग 25 मीटर आगे सनी नदी किनारे एक गहरे हिस्से में पत्थर के बीच मेंं फंसा मिला। यह देखकर दोस्तों के होश उड़ गए। बाहर निकाला गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। दोपहर को मृतक के पिता व चाचा अन्य परिजनों के साथ पहुंचे। शव को देखते ही बिलखकर रो पड़े। मृतक के दोस्तों की आंखे नम रहीं। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए गांव ले गए हैं।
मृतक के पिता अशोक कटियार दूबकी थाना सिकंदरा क्षेत्र में उनकी भूमि पर लगने वाले पशुओं की बाजार की व्यवस्था की देखरेख करते हैं। उनके संयुक्त परिवार में कुंज बिहारी नाम से डिग्री काॅलेज है। इस कॉलेज की देखरेख का पूरा काम सनी ही संभालते थे। बताया गया कि सनी व उसके दोस्त दो गाड़ियों से सोमवार को गांव से मौदहा एक दोस्त की बरात में गए थे। मंगलवार की सुबह सनी व उसके छह अन्य साथी एक वाहन से चित्रकूट घूमकर कानपुर जाने की बात कहकर मौदहा से चले थे। संवाद
