Spread the love


फतेहपुर के युवक को बांदा में बंधक बनाकर लूटा

– उधारी वसूलने आया था बांदा

– तीन नामजद, 20 अज्ञात पर डकैती की रिपोर्ट

संवाद न्यूज एजेंसी

बांदा। उधार दिए पैसे वसूलने आए फतेहपुर के युवक को बांदा में कर्जदार दबंग ने साथियों के साथ कार में बंधक बनाकर पीटा। उसके 28 हजार रुपये, कार की चाबी, मोबाइल फोन और चेन छीन ली। घटना के दो दिन बाद मंगलवार को शहर कोतवाली पुलिस ने मामले में तीन को नामजद करते हुए 15- 20 अज्ञात लोगों पर डकैती और बंधक बनाकर पीटने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

फतेहपुर के ललौली थानान्तर्गत गौरी गांव निवासी शिवम मिश्रा द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 14 मई को अपनी कार से उधार दिया हुआ पैसा वापस लेने बांदा आया था। यहां उसने मामा से उधारी के 28 हजार रुपये लिए। फिर बांदा में ही उसने मनीष सिंह, निवासी ग्राम-महना (फतेहपुर) से बकाया 50 हजार वापस करने को कहा। मनीष उसे पैसे देने के बहाने रात 10 बजे बांदा के चमरौडी चौराहा ले गया। वहां अपने 15-20 दोस्तों को बुला लिया। यह सब उसे कार में ही बंधक बनाकर पल्हरी के पास ले गए। वहां उसे पीटकर 28 हजार रुपये, 15 हजार का मोबाइल फोन, सोने की चेन छीन ली। वह (अंधेरे में जान बचाकर भागा और एक मकान में छिप गया। बाद में खबर पाकर माता-पिता और भाई फतेहपुर से आए और उसे ले गए।

पुलिस ने मनीष सिंह (आवास विकास), विमल तिवारी और धर्मेंद्र उर्फ विक्की व 15-20 अज्ञात के विरुद्ध धारा 395, 342, 504, 506, 406 आईपीसी में मंगलवार (16 मई) को रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, बुधवार को शिवम मिश्रा व उसके परिजनों ने बांदा आकर पुलिस अधीक्षक को दो अर्जी में विवेचक बदलने की मांग की।

आरोप लगाया कि विवेचक दरोगा ने शिवम की कार, पर्स व छीने गए रुपये आरोपियों से लेकर अपने पास रख लिया है। कार मंडी समिति में खड़ी है। सुलह का दबाव बनाया जा रहा है। आरोपियों को बुलाकर छोड़ देने का भी आरोप लगाया। एसपी अभिनंदन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *