Spread the love


अतर्रा। बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। प्रेमिका की अतर्रा सीएचसी में मौत हो गई, जबकि प्रेमी की हालत गंभीर होने पर सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

चित्रकूट जिले के भरतकूप थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव में रेलवे में गेटमैन है। पास में ही एक युवती का मकान है। चर्चा है कि दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका के घर वालों ने उसकी शादी बांदा में तय कर दी। बरात 31 मई को आनी थी। गुरुवार को सुबह दोनों ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर दोनों के परिजन अपने-अपने साधनों से सीएचसी अतर्रा ले गए। यहां प्रेमिका ने दम तोड़ दिया।

प्रेमी को गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रेल कर्मी विवाहित बताया गया है। वह बदौसा में किराए का मकान लेकर रह रहा था। उसके तीन पुत्रियां हैं। उधर, मृतका के परिजनों ने बताया कि पिता की पांच साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है।

मृतका दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर की थी। मां ने बदौसा थाने में दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को सुबह वह भैंस नहलाने नदी पर गई थी। उसी दौरान उसकी पुत्री ने जहर खा लिया था। पुलिस ने मां की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विजय कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहर खाने से युवती की मौत हुई है। मां की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रेम प्रसंग होने की बात पर उन्होंने कहा कि सुनने में मिला है, लेकिन अब तक परिजनों ने ऐसी कोई बात लिखित में नहीं दी है। जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *