Spread the love


चित्रकूट। निकाय चुनाव खत्म होते ही बिजली की आपूर्ति धड़ाम हो गई है। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे में मुश्किल से दस घंटे ही बिजली की आपूर्ति की जाती है। पूरी रात आंख मिचौली का खेल भी चलता है। इससे लोगों में खासा आक्रोश है।

अधिक गर्मी आते ही ओवरलोड बढ़ जाने से बिजली के ट्रांसफार्मर व उपकरण जल रहे हैं। इससे बिजली की आपूर्ति बाधित हो जाती है। चार दिन के अंदर राजापुर में तीन, मऊ में दो, पहाड़ी में चार, भरतकूप में दो व मानिकपुर क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर फुंका है। इनको बदलने का कार्य भी किया गया है। खास बात यह कि गर्मी से पहले ट्रांसफार्मरों की कमियों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी गर्मी आते ही बिजली के ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। इससे बिजली की आपूर्ति बाधित हो जाती है। शहर के व्यापारी बालकृष्ण जैन, अजय गुप्ता, सुशील कक्का व शुभम गुप्ता, विनीत अग्रवाल आदि कहना है कि भीषण गर्मी जब से शुरू हुई है बिजली की आपूर्ति दस से 15 घंटे इस समय बंद रहती है। इससे रातों की नींद हराम हो जाती है।

जिले के राजापुर, मानिकपुर, भरतकूप, पहाड़ी क्षेत्र में भी बिजली की आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्र मेें बाधित रहती है। भरतकूप क्षेत्र के रौली कल्यणपुर गांव के श्रवण यादव, अर्जुन यादव ने बताया कि बिजली आने जाने का इस समय कोई समय निर्धारित नहीं है। रात के समय मात्र चार घंटे ही आपूर्ति की जाती है। मानपुर गांव के महेश सिंह, लवलेश ने बताया कि दो दिन पहले बिजली की तार टूट जाने से बिजली की आपूर्ति दिनभर बाधित रही। मानिकपुर कस्बे के राजू द्विवेदी, सुरेश कुमार ने बताया कि दो दिनों से बिजली की आपूर्ति रात के समय तीन घंटे से अधिक बंद कर दी जाती है। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता आरएस वर्मा ने बताया कि गर्मी के कारण ओवरलोड बढ़ जाने के कारण बिजली के उपकरणों में खराबी आ जाती है। जिनको सही कर बिजली की आपूर्ति की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *