भरतकूप/शिवरामपुर(चित्रकूट)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में रौली कल्याणपुर के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इसके अलावा शिवरामपुर के पास एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर देख प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के बंशीपुर भैसौंधा निवासी राकेश (23) अपनी बहन बीए फाइनल की छात्रा श्वेता (22) को परीक्षा के लिए बाइक से छोड़ने गोस्वामी तुलसीदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय जा रहा था। गांव से कुछ दूर सामने से आ रही एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने श्वेता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाइक सवार राकेश ने हेलमेट नहीं पहना था। घायल छात्रा परीक्षा भी नहीं दे पाई।
ऐंचवारा अतर्रा निवासी गोविंद (20) व आशीष (22) बाइक से चित्रकूट दर्शन करने आए थे। परिक्रम कर वापस गांव जा रहे थे। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रौली कल्याणपुर के पास सामने से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर में भर्ती कराया। यहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद आशीष को प्रयागराज रेफर कर दिया। आशीष ने हेलमेट नहीं लगाया था। इसके अलावा लक्ष्मणपुरी कर्वी निवासी राममिलन (45) पैदल बेड़ी पुलिया जा रहा था। हाईवे स्थित नटबाबा के पास पहुंचा तो पीछे से टेंपो ने टक्कर मार दी। पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
