चित्रकूट। शहर के गोकुलपुरी मोहल्ले में मारपीट की घटना में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस पर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न करने का आरोप लगाकर शंकर बाजार चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने समझाकर लगभग एक घंटे बाद जाम को हटवाया।
गोकुलपुरी निवासी राजकुमार गुप्ता ने बताया कि 10 मई को पुरानी रंजिश में उनके पिता पृथ्वीराज (70) के साथ मोहल्ले के तीन लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट की थी। जब तक हम लोग पहुंचे आरोपी भाग चुके थे। घायल पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टर ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया था। गुरुवार की शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि रात को ही शव लेकर कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। इससे नाराज परिजनों ने शुक्रवार की सुबह शंकर बाजार के चकरेही चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। सीओ सिटी हर्ष पांडेय, कोतवाल गुलाब चंद्र त्रिपाठी व यातायात प्रभारी मनोज चौधरी ने परिजनों को समझाकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, तब जाकर लगभग एक घंटे बाद जाम खुल सका।
इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कराया। कोतवाल ने बताया कि घटना के दिन ही आरोपी झुल्लू और छोटेलाल के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब इनके खिलाफ धाराएं बढ़ाई जाएंगी। किसी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा।
