संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। टेली लॉ सर्विस के अंतर्गत एक कार्यशाला का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। इसमें वादकारियों और आमजन को उनके द्वार पर न्यायिक सलाह और सहायता दिये जाने की व्यवस्था इस टेली लॉ स्कीम में की गई है। कार्यशाला में मौजूद टेली लॉ पैनल अधिवक्ता, प्रो-बोनो पैनल अधिवक्ता, पैरालीगल वालंटियर्स, सीएससी सेंटर संचालक और अन्य समाजसेवियों को जानकारी देते हुए राज्य समन्वयक वागीश सिंह ने बताया कि टेली लॉ स्कीम प्रोजेक्ट टेली लॉ न्याय मंत्रालय, विधिक सेवा प्राधिकरण और कॉमन सर्विस सेंटर ई गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड द्वारा शुरू किया गया है। जिसमें कानूनी सलाह के हकदार सीएससी सेंटर पर जाकर अपनी समस्या को रजिस्टर कर नामित वकीलों से उसी दिन सलाह पा जाते है। यदि पीड़ित का सलाह से काम नहीं हो पाता है तो उत्तर प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा उसको विधिक सहायता दिलाई जाती है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव रेनू यादव ने कहा कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें, क्योंकि यह एक ऐसा माध्यम है, जिससे कहीं से भी घर बैठे कोई भी पीड़ित व्यक्ति या वादकारी कानूनी समस्या के संबंध में निशुल्क विधिक परामर्श ले सकता है। टेली लॉ पैनल अधिवक्ता और पैरालीगल वालंटियर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि टेली लॉ स्कीम के माध्यम से वह अपने कार्य को अधिक सुगमतापूर्वक प्रभावी ढंग से कर सकते है। इस दौरान उपायुक्त एनआरएलएम दिनेश कुमार यादव, मंजूलता, राजकुमारी निषाद, विकास, आलोक पाल, सौरभ याज्ञिक, रेहान अहमद, अरविंद पांडेय, धर्मेंद्र, विपिन, बादाम सिंह, अजय गौतम, सीता तिवारी, दीक्षा. देवेंद्र आजाद आदि मौजूद रहे।
