संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में तीस हजार से ज्यादा वाहन ऐसे हैं, जिनके मालिकों ने अपने मोबाइल नंबर अपडेट नहीं कराए हैं। नंबर अपडेट नहीं होने के कारण ऑनलाइन चालान की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
प्रदेश सरकार ने वाहनों की धरपकड़ के लिए ऑनलाइन चालान की व्यवस्था लागू की है। वाहन चलाते समय नियमों का उल्लंघन करने वालों का ऑनलाइन चालान हो रहा है। चालान का संदेश वाहन स्वामी के मोबाइल पर पहुंच जाता है। इस संदेश में चालान की धनराशि जमा करने की तारीख भी निर्धारित होती है।
संभागीय परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल ढाई लाख से ज्यादा वाहन पंजीकृत हैं। इनमें तीस हजार से ज्यादा वाहन चालक ऐसे हैं, जिन्होंने वाहन लेने के बाद अपना मोबाइल नंबर अपडेट नहीं कराया है। जिससे ऑनलाइन चालान होने के बाद भी चालान की धनराशि जमा नहीं हो पा रही है। जिसके कारण करीब 50 लाख से ज्यादा की जुर्माना राशि फंस गई है। एआरटीओ एसएल गौर ने बताया कि सभी वाहन स्वामियों से अपील है कि जिन्होंने अपने वाहनों पर मोबाइल नंबर को आधार संग अपडेट नहीं कराया है, वह जल्द से जल्द नंबर अपडेट करा लें, अन्यथा वाहन संबंधिक कार्य नहीं हो पाएंगे।
मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने प्रभावित होंगे यह कार्य
ललितपुर। परिवहन विभाग की सभी ऑनलाइन सेवाओं को आधार से 31 मार्च 2023 से मोबाइल नंबर को जोड़ दिया गया है। जिसके माध्यम से सभी वाहनों को सारथी पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है। इस दौरान यदि किसी भी वाहन स्वामी के वाहनों पर मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होगा तो वाहनों के नवीनीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस आदि के कार्य नहीं हो पाएंगे। क्योंकि यदि वाहन स्वामी वाहन संबंधित कोई भी कार्य कराना चाहता है, तो उसको परिवहन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद उसके मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। वेबसाइट पर वह ओटीपी डालने के बाद ही वाहन संबंधित कार्य हो पाएंगे।
