संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Mon, 22 May 2023 01:21 AM IST
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला कारागार में बैरक की छत की सफाई के दौरान एक बंदी जेल की सुरक्षा दीवार पर पहुंच गया। जेल पुलिस ने उसे पकड़कर बैरक में बंद कर दिया। जेल प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम को दबाने में जुटा हुआ है।
रविवार की सुबह जिला कारागार के पास स्थित सड़क से गुजरने वाले लोगों ने देखा कि जेल की सुरक्षा दीवार पर एक व्यक्ति आगे-आगे भाग रहा है। जबकि उसके पीछे-पीछे जेल पुलिस भाग रही है। यह देखकर लोगों को समझते देर नहीं लगी कि जिला कारागार में निरुद्ध कोई बंदी मौका पाकर जेल से भागने का प्रयास कर रहा है। जेल अधीक्षक लाल रत्नाकर सिंह ने बताया कि आने वाले मानसून को देखते हुए रविवार की सुबह बैरक की छत पर मौजूद कूडा-करकट को साफ कराया जा रहा था। बैरक पर चढ़ने के लिए जेल के अंदर ही एक सीढ़ी लगाई गई थी। जिस पर चढ़कर बंदियों से सफाई कराई जा रही थी। इसी दौरान मौका पाकर एक बंदी बैरक की छत से जेल की सुरक्षा दीवार पर पहुंच गया था। जेल पुलिस के देख लेने पर वह भागने लगा था। जिसे पकड़कर वापस बैरक में पहुंचा दिया गया। जेल से बंदी के भागने का प्रयास करने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इधर जेल प्रशासन घटनाक्रम को दबाने में जुटा हुआ है।
