संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Tue, 23 May 2023 01:32 AM IST
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। भीषण गर्मी में शहर के चार मोहल्लों की बिजली दिनभर गुल रही। इससे करीब 50 हजार से ज्यादा की आबादी को पानी के लिए भी जूझना पड़ा। शहर के विद्युत वितरण खंड प्रथम के तहत आने वाले नझाई बाजार स्थित पावर हाउस पर स्थापित 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर का ऑयल बदला और मरम्मत कार्य कराया गया। इस दौरान सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नझाई बाजार, घंटाघर, डोड़ाघाट और तालाबपुरा इलाके की आपूर्ति ठप रही।
बिजली नहीं होने से लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर बोल गए और पानी की टंकी खाली हो गई। जिससे लोगों को गर्मी और उमस से जूझना पड़ा। पानी के लिए लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। शाम करीब पांच बजे के आसपास इलाके की आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि पावर हाउस पर रखे 10 एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर की मरम्मत कराई गई। इससे आपूर्ति ठप रही। कार्य कराने के बाद टेस्टिंग कराकर आपूर्ति को सुचारू करा दिया गया।
