संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Wed, 24 May 2023 12:51 AM IST
बांदा। चिल्ला रोड स्थित हीरा फैक्टरी से काम करके घर जा रहे बाइक सवार मजदूर को ट्रक ने टक्कर मार दी। उसे अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। रास्ते में बगिया गांव के पास उसकी मौत हो गई।
चिल्ला थाना क्षेत्र के भड़ौली गांव निवासी दीपक सिंह (36) चिल्ला रोड स्थित एक हीरा फैक्टरी में काम करता था। सोमवार देर शाम वह काम खत्म करके बाइक से गांव जा रहा था। पलरा गांव के पेट्रोल पंप के पास सामने से आए ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट भी टूट गया।
ग्रामीणों और परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे 108 एंबुलेंस से कानपुर ले जाया जा रहा था। रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक के रिश्तेदार रामराज सिंह ने बताया कि वह दो भाइयों में बड़ा था। परिवार में पत्नी रश्मि के अलावा चार पुत्रियां हैं। थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि ट्रक का पता किया जा रहा है।
